
रूमगरा में रात के अंधेरे में हो रही थी राख की डम्पिंग, पर्यावरण संरक्षण मंडल की टीम ने पकड़ा मामला

कोरबा। औद्योगिक नगरी कोरबा में फ्लाई ऐश के अवैध परिवहन और डम्पिंग का मामला सामने आने के बाद छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल ने बड़ी कार्रवाई की है। रूमगरा हवाई पट्टी चौक के पास रात के समय फ्लाई ऐश की अवैध डम्पिंग करते पकड़े गए वाहनों की जांच के बाद मेसर्स एनटीपीसी लिमिटेड, जमनीपाली पर 15 लाख रुपए की पर्यावरणीय क्षतिपूर्ति अधिरोपित की गई है।
बताया गया कि 9 सितंबर 2026 की रात पर्यावरण संरक्षण मंडल के क्षेत्रीय कार्यालय कोरबा को दूरभाष के माध्यम से रूमगरा हवाई पट्टी चौक के निकट गुप्ता होटल के पास स्थित भूमि पर फ्लाई ऐश की अवैध डम्पिंग की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर कार्रवाई की गई तो मौके पर फ्लाई ऐश डम्प करते हुए वाहन पाए गए।
जांच में सामने आया कि इन वाहनों में एनटीपीसी लिमिटेड, जमनीपाली के धनरास राखड़ बांध से फ्लाई ऐश लोड कर संबंधित स्थल पर डम्प किया जा रहा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्रीय अधिकारी प्रसन्ना सोनकर ने तत्काल एनटीपीसी के अधिकारियों को अवैध डम्पिंग की जानकारी देते हुए आवश्यक निर्देश जारी किए।
डम्प की गई राख की मात्रा के आधार पर लगा 15 लाख का जुर्माना
पर्यावरण संरक्षण मंडल द्वारा मौके पर डम्प की गई फ्लाई ऐश की मात्रा का आकलन किया गया। जांच के आधार पर एनटीपीसी लिमिटेड के विरुद्ध 15 लाख रुपए की पर्यावरणीय क्षतिपूर्ति अधिरोपित की गई है।
क्षेत्रीय अधिकारी प्रसन्ना सोनकर ने स्पष्ट किया कि फ्लाई ऐश का अवैध परिवहन और डम्पिंग पर्यावरणीय नियमों का गंभीर उल्लंघन है। ऐसे मामलों में पर्यावरण संरक्षण मंडल लगातार निगरानी कर रहा है और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित वाहनों एवं जिम्मेदार संस्थाओं के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
अवैध फ्लाई ऐश डम्पिंग पर आगे भी जारी रहेगा शिकंजा
पर्यावरण संरक्षण मंडल ने साफ किया है कि फ्लाई ऐश को निर्धारित नियमों के विपरीत कहीं भी डम्प करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। भविष्य में ऐसी गतिविधियां दोबारा पाए जाने पर जिम्मेदार व्यक्ति अथवा संस्था के विरुद्ध कठोर कार्रवाई के साथ पर्यावरणीय क्षतिपूर्ति भी अधिरोपित की जाएगी।
कोरबा छत्तीसगढ़ / दिलीप कुमार वैष्णव



