
3 आरोपी गिरफ्तार, एक नाबालिग निरुद्ध; कोरबा और सक्ती की चोरी की बाइक बरामद
कोरबा। उरगा पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के दो मामलों का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि से संघर्षरत बालक को निरुद्ध किया गया है। आरोपियों की निशानदेही पर कोरबा की 2 और सक्ती की 2 सहित कुल 4 चोरी की मोटरसाइकिलें तथा एक साइलेंसर बरामद किया गया।
पहले मामले में शुभम कुमार कंवर (18 वर्ष) और विनय कुमार कंवर (19 वर्ष) को ग्राम तुमान स्थित हीरो शोरूम से नई बाइक और 15 बैटरियां चोरी करने के मामले में गिरफ्तार किया गया। वहीं, दूसरे मामले में महेन्द्र चौहान (18 वर्ष 4 माह) और उसके नाबालिग साथी को भैसमा बाजार से मोटरसाइकिल चोरी के मामले में पकड़ा गया।
पूछताछ में सक्ती जिले के नगरदा थाना क्षेत्र से चोरी की दो अन्य मोटरसाइकिलों का भी खुलासा हुआ। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जबकि नाबालिग को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
कोरबा पुलिस — सजग कोरबा, सतर्क कोरबा।



