BREAKING: कबाड़ की खबर से बौखलाया अधिवक्ता! पत्रकार को फोन पर गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी… FIR दर्ज

कोरबा छत्तीसगढ़ // अवैध कबाड़ के काले कारोबार का खुलासा करना एक पत्रकार को भारी पड़ गया। खबर से तिलमिलाए अधिवक्ता कमलेश साहू ने पत्रकार योगेश सलूजा को फोन पर जमकर गालियां दीं और जान से खत्म करने की धमकी तक दे डाली। इस घटना के बाद पूरे जिले में पत्रकारों में आक्रोश का माहौल है।
बताया जा रहा है कि 25 अप्रैल 2026 को अधिवक्ता ने बार-बार कॉल कर अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और धमकी दी—“खबर लिखने का अंजाम भुगतना पड़ेगा।” पत्रकार योगेश सलूजा का आरोप है कि यह सब अवैध कबाड़ के धंधे की कवरेज और सोशल मीडिया पर खबर पोस्ट करने के कारण हुआ।
पत्रकार एकजुट
घटना के विरोध में बड़ी संख्या में पत्रकार मानिकपुर चौकी पहुंचे और सामूहिक शिकायत दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की। आवेदन के साथ कॉल रिकॉर्डिंग और अन्य साक्ष्य भी पुलिस को सौंपे गए हैं।
FIR दर्ज, जांच जारी
चौकी प्रभारी परमेश्वर राठौर ने बताया कि शिकायत के आधार पर अधिवक्ता कमलेश साहू के खिलाफ विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है।
पहले से रहा है विवादित रिकॉर्ड
सूत्रों के अनुसार, अधिवक्ता कमलेश साहू का यह कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी उनके खिलाफ अलग-अलग थानों में कई मामलों में अपराध दर्ज हो चुके हैं, जिससे उनका रिकॉर्ड पहले से ही विवादों में रहा है।
पत्रकारों पर लगातार बढ़ रहा दबाव
कोरबा में यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी भ्रष्टाचार और अवैध गतिविधियों को उजागर करने वाले पत्रकारों को धमकियां मिल चुकी हैं।
बड़ा सवाल:
क्या सच लिखना अब खतरे से खाली नहीं?
क्या दबंगों के डर से दबेगी कलम… या कानून दिखाएगा अपना दम?



