LETEST
Blog

विदेशी नौकरी का झांसा देकर म्यांमार के ‘KK Park’ में बनाया बंधक, साइबर ठगी कराने वाले गिरोह की महिला गिरफ्तार…

कोरबा में दर्री पुलिस की कार्रवाई, बैंकॉक में ₹नहीं बल्कि 30 हजार थाई भाट की नौकरी का दिया था लालच; पीड़िता का पासपोर्ट जब्त कर ऑनलाइन ठगी कराने का आरोप

कोरबा, छत्तीसगढ़। विदेश में अच्छी नौकरी और मोटी सैलरी का सपना दिखाकर युवती को साइबर ठगी के नेटवर्क में फंसाने का मामला सामने आया है। फेसबुक पर बैंकॉक में ऑफिस असिस्टेंट की नौकरी का विज्ञापन देखकर संपर्क करने वाली दर्री निवासी युवती को कथित तौर पर थाईलैंड के रास्ते म्यांमार के कुख्यात ‘KK Park’ पहुंचाया गया। वहां उसका पासपोर्ट जब्त कर उसे बंधक बनाने, प्रताड़ित करने और फर्जी सोशल मीडिया आईडी के जरिए ऑनलाइन ट्रेडिंग व निवेश के नाम पर लोगों से ठगी कराने के लिए मजबूर करने का आरोप है। मामले में दर्री पुलिस ने गिरोह से कथित रूप से जुड़ी एक महिला को गिरफ्तार किया है।

फेसबुक पर नौकरी का विज्ञापन देखकर किया संपर्क

पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने फेसबुक पर बैंकॉक में ऑफिस असिस्टेंट की नौकरी का विज्ञापन देखा था। इसमें लगभग 30,000 थाई भाट प्रतिमाह वेतन देने की बात कही गई थी। नौकरी की उम्मीद में पीड़िता ने संपर्क किया, जिसके बाद आरोपी महिला लीजा और उसके साथियों ने उसे बेंगलुरु बुलाया।

आरोप है कि वहां से पीड़िता को फ्लाइट के जरिए थाईलैंड ले जाया गया और फिर सीमा पार कराकर म्यांमार के ‘KK Park’ पहुंचा दिया गया। वहां उसका पासपोर्ट जब्त कर लिया गया और उसे बंधक बनाकर रखा गया।

फर्जी आईडी से ऑनलाइन ठगी कराने का आरोप

पुलिस के मुताबिक, पीड़िता को कथित तौर पर फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट के माध्यम से ऑनलाइन ट्रेडिंग और निवेश के नाम पर लोगों को ठगने के लिए मजबूर किया जाता था। इस दौरान उसे प्रताड़ित भी किया गया।

भारतीय दूतावास और स्थानीय प्रशासन की मदद से पीड़िता को सुरक्षित भारत वापस लाया गया। इसके बाद पीड़िता की शिकायत पर थाना दर्री, जिला कोरबा में अपराध क्रमांक 331/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 143(2) और 146 में मामला दर्ज किया गया।

महाराष्ट्र की महिला गिरफ्तार, गिरोह के नेटवर्क की जांच जारी

विवेचना के दौरान कथित संलिप्तता सामने आने पर पुलिस ने स्नेहा भथलाल बडोले (35 वर्ष), निवासी जिला गोंदिया, महाराष्ट्र को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी महिला को न्यायालय में पेश कर रिमांड प्राप्त की है।

फिलहाल पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों, उनके डिजिटल संपर्कों और वित्तीय नेटवर्क की जांच कर रही है। मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका का पता लगाने के लिए विवेचना जारी है।

कोरबा पुलिस की अपील: विदेशी नौकरी के ऑफर से रहें सावधान

कोरबा पुलिस ने साइबर जागरूकता अभियान के तहत लोगों से अपील की है कि विदेश में नौकरी के आकर्षक प्रस्तावों पर बिना सत्यापन भरोसा न करें। किसी भी विदेशी नौकरी के लिए एजेंट, कंपनी, वीजा और नियुक्ति संबंधी दस्तावेजों की जांच अवश्य करें। सोशल मीडिया पर मिलने वाले संदिग्ध नौकरी के विज्ञापनों से सावधान रहें और किसी भी तरह की धोखाधड़ी की आशंका होने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।

विदेश में नौकरी का सपना कहीं साइबर अपराधियों के जाल में न बदल जाए, इसके लिए सतर्कता और सत्यापन बेहद जरूरी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page