न नर्स, न डॉक्टर ,फर्श पर हुई डिलीवरी, परिजनों से साफ कराया खून, तड़पती रही महिला…

सूरजपुर में गर्भवती महिला ने अस्पताल के फर्श पर बच्चे को जन्म दिया. बच्चे को जन्म देने से पहले महिला करीब चार घंटे तक दर्द से तड़पती रही. अस्पताल में ना नर्स थी और ना ही ड्यूटी पर कोई डॉक्टर. मजबूरी में महिला की सास ने ही फर्श पर असुरक्षित तरीके से प्रसव करवाया.
छत्तीसगढ़ सूरजपुर // छत्तीसगढ़ के सूरजपुर से स्वास्थ्य व्यवस्था की सच्ची तस्वीरें सामने आई हैं. जिले में गर्भवती महिला ने अस्पताल के फर्श पर बच्चे को जन्म दिया. भटगाँव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रसव के लिए आई महिला करीब चार घंटे तक दर्द से तड़पती रही. अस्पताल में ना ही नर्स मिली, न ही ड्यूटी डॉक्टर, महिला का प्रसव उसकी सास ने ही असुरक्षित तरीके से कराया.
इतना ही नहीं प्रसव के दौरान फर्श पर खून फैल गया था, जिसे महिला के परिजनों ने ही साफ किया, अब मामला सामने आने के बाद CMHO ने जांच टीम गठित की है.
चार घंटे तड़पती रही प्रस्तूता
जानकारी के अनुसार, कुंती बाई असना ढोढ़ी गाँव गाँव की रहने वाली है. शनिवार को उसे प्रसव पीड़ा होने लगी तो गाँव की मितानीन से सम्पर्क किया. उसने कुंतीबाई को भटगाँव सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र जाने की सलाह दी. सास इंजेरिया बाई बहू को लेकर अस्पताल पहुँची. वहां उसे डिलवरी रूम में भेज दिया गया. प्रसव विभाग में जिस नर्स की ड्यूटी लगी थी, वह बिना सूचना के गायब थी. नर्स ने अपना फोन भी बंद किया हुआ था. इस वजह से महिला चार घंटे दर्द से तड़पती रही.
परिजनों ने साफ किया खून
चार घंटे बाद उसने अस्पताल के फर्श पर नवजात को जन्म दिया. सास इंजोरिया ने मदद करते हुए प्रसव कराया, प्रसव के दौरान अस्पताल के फर्श पर खून फैल गया, जिसे सास इंजोरिया बाई ने ही साफ किया, डिलेवरी के चार घंटे बाद ड्यूटी डॉक्टर साक्षी सोनी पहुंची, लेकिन डॉक्टर ने गलती मानने की जगह सफाई देते हुए कहा कि मुझे किसी ने सूचना ही नहीं दी.
CMO ने जांच की बात कही
प्रसव के बाद जन्मे बच्चे को प्रीमैच्योर बताया गया है. इस मामले में सूरजपुर CMHO डॉक्टर कपिल देव पैकरा ने कहा कि मामला संज्ञान में आया है. जाँच के लिए कमेटी बना दी गयी है. इसकी पूरी जांच कराई जाएगी. जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.CMHO ने कहा कि जिस स्टाफ नर्स की ड्यूटी लगी थी. वह बिना पूर्व सूचना के नहीं आई थी. डॉक्टर और अन्य कर्मी ड्यूटी में क्यों नहीं थे, इसकी जाँच की जाएगी।



