LETEST
Blog

गणेश उत्सव से पहले कोरबा पुलिस का बड़ा एक्शन, 80 बदमाशों को कड़ी समझाइश; चेतावनी- कानून हाथ में लिया तो कार्रवाई तय…

32 गुंडा बदमाश और 26 निगरानी बदमाशों समेत 80 लोगों की तस्दीक, पुलिस ने साफ कहा- त्योहार की आड़ में उपद्रव किया तो होगी सख्त वैधानिक कार्रवाई.

कोरबा, छत्तीसगढ़ // गणेश चतुर्थी, गणेश उत्सव और विसर्जन को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर कोरबा पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। त्योहार के दौरान किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने गुंडा एवं निगरानी बदमाशों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है।

इसी कड़ी में जिले के विभिन्न थाना, चौकी और अनुविभाग स्तर पर CSP/SDOP एवं थाना प्रभारियों ने गुंडा बदमाशों, निगरानी बदमाशों और पूर्व में आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहे लोगों की तस्दीक कर उन्हें कड़ी समझाइश दी।

80 लोगों को पुलिस की सख्त चेतावनी

पुलिस के अनुसार करीब 32 गुंडा बदमाश और 26 निगरानी बदमाशों सहित मारपीट, लड़ाई-झगड़े एवं शरीर संबंधी अपराधों में पूर्व में संलिप्त रहे लगभग 80 व्यक्तियों को समझाइश दी गई।

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिया कि गणेश उत्सव और विसर्जन के दौरान किसी भी प्रकार के विवाद, मारपीट, उपद्रव या आपराधिक गतिविधि से पूरी तरह दूर रहें।

पुलिस ने साफ चेतावनी दी है कि त्योहार की आड़ में गुंडागर्दी, दहशत फैलाने, विवाद करने या कानून-व्यवस्था प्रभावित करने का प्रयास किया गया तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ तत्काल कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

थाना प्रभारियों को लगातार निगरानी के निर्देश

पुलिस ने पूर्व अपराधियों और असामाजिक गतिविधियों में संलिप्त रहे लोगों से अपने आचरण में सुधार करने और कानून का पालन करने की अपील की है। साथ ही थाना प्रभारियों को ऐसे व्यक्तियों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।

किसी भी संदिग्ध अथवा आपराधिक गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के लिए पुलिस को निर्देशित किया गया है।

भीड़ और ट्रैफिक मैनेजमेंट पर भी फोकस

गणेश उत्सव और विसर्जन के दौरान भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था, संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी और असामाजिक तत्वों पर नजर रखने को लेकर भी पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं।

पुलिस का उद्देश्य है कि गणेश उत्सव आस्था, अनुशासन, शांति और भाईचारे के माहौल में संपन्न हो और श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

कोरबा पुलिस की अपील

कोरबा पुलिस ने आम नागरिकों से गणेश उत्सव शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण तरीके से मनाने, अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि या विवाद की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page