SBI चीफ मैनेजर के घर चोरी का पुलिस ने 48 घंटों में किया खुलासा, मां बेटा गिरफ्तार…

कोरबा के मानिकपुर चौकी क्षेत्र में एसबीआई के चीफ मैनेजर राजू मोदी के सुने घर का ताला तोड़कर 11 लाख से अधिक की ज्वेलरी चोरी करने वाली मां बेटे को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी संजय वैष्णव(31) और उसकी माँ लवकुमारी वैष्णव (50) ने चोरी के आभूषण एक फाइनेंस कंपनी में गिरवी रख दिए थे जिन्हें पुलिस ने बरामद कर लिया है।

कोरबा छत्तीसगढ़ // चोरी की घटना मानिकपुर चौकी क्षेत्र अंतर्गत दादर खुर्द मार्ग स्थित एक सूने मकान में शुक्रवार रात को हुई थी। जहां एसबीआई के चीफ मैनेजर राजू मोदी अपने परिवार के साथ किराए पर रहते हैं। घटना के समय राजू मोदी अपने परिवार के साथ रायपुर गए हुए थे। परिवार रात को जब घर लौटे
तो ताला खोलकर अंदर जाने पर उन्होंने देखा कि घर का सारा सामान बिखरा पड़ा हुआ था। बेडरूम की खिड़की की राड टूटी हुई थी। जिससे उन्हें चोरी का अंदेशा हुआ। जिसके बाद मानिकपुर चौकी पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी परमेश्वर राठौर अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।
पुलिस ने मौके पर डॉग स्क्वाड और फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम को भी बुलाया। डौग बाघा ने घटनास्थल से गंध लेकर लगभग एक किलोमीटर दूर पौड़ी बाहर मैदान तक पीछा किया, जहां वह शराब की खाली बोतल तक पहुंचा।
विवेचना के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपियों ने चोरी किए गए सोने चांदी के आभूषण मधुर फाइनेंस में गिरवी रखे हैं। पुलिस ने तुरंत फाइनेंस संस्था से संपर्क किया और विधिवत कार्रवाई करते हुए सभी आभूषण बरामद कर लिए।
बरामद आभूषणों की कीमत बाजार मूल्य के अनुसार, लगभग 11,11000 रुपए आंका गया है।
उक्त आरोपियों के विरुद्ध धारा 331(4),305(1),317(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया।



