रायगढ़ पुलिस का ऑपरेशन तलाश सफल, 251 गुमशुदा लोगों को खोज निकाला, 36 नाबालिग सुरक्षित बरामद…

छत्तीसगढ़ की रायगढ़ पुलिस ने ऑपरेशन तलाश के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए अप्रैल महीने में 251 गुमशुदा लोगों को खोज निकाला है. खास बात यह रही कि इनमें 36 नाबालिग भी सुरक्षित बरामद किए गए, जिससे सैकड़ों परिवारों के चेहरों पर फिर से मुस्कान लौट आई है
रायगढ़ पुलिस द्वारा चलाए गए ऑपरेशन तलाश के तहत पूरे अप्रैल माह में विशेष अभियान चलाकर गुमशुदा लोगों की तलाश की गई. इस दौरान पुलिस टीमों ने राज्य ही नहीं, बल्कि देश के विभिन्न हिस्सों में जाकर खोजबीन की. अभियान के तहत पुलिस दिल्ली, पंजाब और अंबिकापुर तक पहुंची और लगातार प्रयासों के बाद 251 लोगों को ढूंढ निकाला है.
इस ऑपरेशन की सबसे बड़ी उपलब्धि 36 नाबालिगों की सुरक्षित बरामदगी रही. पुलिस ने बताया कि कुछ मामलों में बच्चों को बहला-फुसलाकर ले जाया गया था. जिनमें आरोपियों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई की गई है. इससे न केवल बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित हुई, बल्कि अपराधियों के खिलाफ भी कड़ा संदेश गया है.अभियान की सफलता में जिले के विभिन्न थानों की अहम भूमिका रही. लैलूंगा थाना इस मामले में सबसे आगे रहा, जहां एक महीने में ही 42 गुमशुदा लोगों को खोज निकाला गया. इसके अलावा जूटमिल, कोतवाली और पूंजीपथरा थाना क्षेत्रों की पुलिस ने भी सक्रियता दिखाते हुए कई मामलों को सुलझाया.
251 गुमशुदा लोगों को खोज निकाला
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, ऑपरेशन के दौरान तकनीकी संसाधनों, मुखबिर तंत्र और लगातार फील्ड वर्क का सहारा लिया गया. हर मामले में गंभीरता से जांच की गई और संबंधित राज्यों की पुलिस से समन्वय स्थापित कर कार्रवाई की गई.इस अभियान से उन परिवारों को बड़ी राहत मिली है, जो लंबे समय से अपने प्रियजनों की तलाश में भटक रहे थे. अपने बच्चों और परिजनों को सुरक्षित वापस पाकर कई परिवार भावुक हो उठे.रायगढ़ पुलिस का यह अभियान न केवल गुमशुदा लोगों को खोजने में सफल रहा, बल्कि समाज में सुरक्षा और भरोसे का माहौल भी मजबूत करने में मददगार साबित हुआ है. पुलिस ने आगे भी ऐसे अभियानों को जारी रखने की बात कही है, ताकि हर गुमशुदा व्यक्ति को उसके परिवार से मिलाया जा सके।



