कोरबा में होटल के अंदर युवक से मारपीट, जबरन वसूली और जान से मारने की धमकी का आरोप…

कोरबा छत्तीसगढ़ // शहर के सिटी कोतवाली क्षेत्र में एक युवक के साथ होटल के अंदर मारपीट और जबरन पैसे मांगने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने थाना प्रभारी को लिखित शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित अजय सोनी ने अपनी शिकायत में बताया कि 4 मई 2026 की रात करीब 10:30 बजे वह एक होटल में खाना खाने गया था। इसी दौरान वहां पहले से मौजूद पंकज सोनी और शंकर सोनी ने उससे जबरन शराब पीने के लिए पैसे की मांग शुरू कर दी। जब उसने पैसे देने से इंकार किया, तो दोनों ने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी।
शिकायत में आगे बताया गया है कि कुछ ही देर में हरीश सोनी (जिम ट्रेनर) भी वहां पहुंच गया और तीनों आरोपियों ने मिलकर पीड़ित के साथ मारपीट की। आरोप है कि आरोपियों ने हाथ-मुक्कों के साथ-साथ लोहे के स्टैंड से भी हमला किया, जिससे पीड़ित के सिर और मुंह पर गंभीर चोट आई। इस हमले में उसके होंठ कट गए और खून बहने लगा।
पीड़ित ने यह भी बताया कि बीच-बचाव करने पहुंचे उसके रिश्तेदार विकास सोनी के साथ भी आरोपियों ने मारपीट की। घटना के दौरान आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी।
घटना के बाद घायल अवस्था में पीड़ित वहां से घर चला गया और दर्द अधिक होने के कारण रात में शिकायत दर्ज नहीं करा सका। बाद में उसने पुलिस को लिखित आवेदन देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि एक आरोपी के खिलाफ पहले से भी गंभीर धाराओं में मामले दर्ज हैं।
पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक कोरबा को भी प्रतिलिपि भेजते हुए मामले में जल्द से जल्द एफआईआर दर्ज कर सख्त कार्रवाई करने की अपील की है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।



