सतकार बार मारपीट मामला: “समय की आवाज” की खबर का असर, आरोपियों पर FIR दर्ज…

कोरबा छत्तीसगढ़ // शहर के चर्चित सतकार बार मारपीट मामले में आखिरकार पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। यह कार्रवाई तब हुई जब पीड़ित पक्ष की शिकायत को स्थानीय मीडिया प्लेटफॉर्म “समय की आवाज” ने प्रमुखता से प्रकाशित किया और मामले को लगातार उठाया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रानी रोड निवासी एवं अम्बे ज्वेलर्स संचालक ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि 4 मई 2026 की रात वह सतकार बार में शराब पीने गया था। उसी दौरान उसका भाई अज्जु सोनी भी दूसरे टेबल पर बैठा हुआ था। बार में पहले से मौजूद शंकर सोनी, पंकज सोनी और हरीश सोनी शराब पी रहे थे।
बताया जा रहा है कि रात करीब 10:30 बजे किसी बात को लेकर आरोपियों ने अज्जु सोनी के साथ विवाद शुरू कर दिया और मां-बहन की अश्लील गालियां देने लगे। जब बीच-बचाव करने और विवाद शांत कराने की कोशिश की गई, तो आरोपियों का गुस्सा और बढ़ गया। पीड़ित के अनुसार, आरोपियों ने जान से मारने की धमकी देते हुए हाथ-मुक्कों से जमकर मारपीट की।
मारपीट में पीड़ित को हाथ, पैर और सीने में चोटें आईं, जबकि अज्जु सोनी के माथे और होंठ पर गंभीर चोट लगी। घटना के बाद परिजनों को सूचना दी गई, जिसके बाद अमित सोनी मौके पर पहुंचे और मामला शांत कराने का प्रयास किया।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि घटना के बाद शुरू में पुलिस स्तर पर कार्रवाई धीमी रही, लेकिन जब “समय की आवाज” ने इस मामले को प्रमुखता से प्रकाशित कर प्रशासन और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए, तब पुलिस हरकत में आई और आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई।
मामले में अब पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है। शहर में इस घटना को लेकर काफी चर्चा है।



