LETEST
Blog

KORBA: कोयले से भरा ट्रेलर मोटरसाइकिल पर पलटा, दादी की मौत, 02 पोते घायल…

कोरबा जिले के पसान थाना क्षेत्र अंतर्गत लैंगा-जटगा मुख्य मार्ग पर आज शनिवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कोयले से भरा एक तेज रफ्तार ट्रेलर अनियंत्रित होकर मोटरसाइक‍िल पर पलट गया। हादसे में मोटरसाइक‍िल सवार बुजुर्ग महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके दो पोते घायल हो गए।

मृतका की पहचान धनरास गांव निवासी बालकुंवर (62) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह अपने दो पोतों के साथ मोटरसाइक‍िल से इलाज कराकर घर लौट रही थीं। इसी दौरान लैंगा-जटगा मार्ग की घाटी में पीछे से आ रहे कोयला लदे ट्रेलर ने मोटरसाइक‍िल को अपनी चपेट में ले लिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा इतना भीषण था कि ट्रेलर पलटते ही मोटरसाइक‍िल सवार तीनों लोग कोयले के ढेर में दब गए। एक युवक पूरी तरह कोयले में दब गया था, जबकि दूसरा सड़क किनारे जा गिरा। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू कर दोनों युवकों को बाहर निकाला।

हालांकि बालकुंवर की कोयले में दबने से मौके पर ही मौत हो गई। दोनों पोतों को मामूली चोटें आई हैं।

घटना की सूचना मिलते ही पसान थाना प्रभारी चंद्रपाल खांडे पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि ट्रेलर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।

हादसे के बाद सड़क पर बिखरे कोयले को दूसरे वाहन की मदद से हटाया गया, जिसके बाद यातायात बहाल हो सका। घटना की खबर मिलते ही मृतका के परिजन मौके पर पहुंच गए।

स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि लैंगा-जटगा मार्ग की घाटी में भारी वाहनों की तेज रफ्तार के कारण आए दिन हादसे होते रहते हैं। लोगों ने प्रशासन से कोयला परिवहन में लगे ट्रेलरों की गति नियंत्रित करने तथा सुरक्षा उपाय बढ़ाने की मांग की है। पुलिस ने ट्रेलर जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page