एक ही परिवार के 4 लोगों की हत्या, मृतकों में पति पत्नी और 2 नाबालिग…

बुधवार रात सभी अपने घर में सोए हुए थे. सभी के सिर पर लोहे के हथियार से हमला किया गया है.
जांजगीर चांपा // छत्तीसगढ़ के जांजगीर चांपा जिले से बड़ी घटना सामने आई है. एक ही परिवार के चार लोगों की हत्या कर दी गई है. जिन लोगों की हत्या की गई है उनमें बुजुर्ग पति पत्नी और नाबालिग नाती नातिन शामिल है. हत्या की इस घटना से पूरे गांव में सनसनी फैल गई है.
शिवरीनारायण में चार हत्याओं से सनसनी
मर्डर की ये घटना शिवरीनारायण थाना क्षेत्र के भवंतरा गांव में हुई है. बुधवार की रात चारों एक निर्माणाधीन मकान में सोए हुए थे. गुरुवार सुबह चारों की लाशें घर में पड़ी मिली. जिसके बाद गांव में कोहराम मच गया. पूरा गांव घटनास्थल पर इकट्ठा हो गया है. गांव वालों ने शिवरीनारायण पुलिस को सूचना दी.
मृतकों की पहचान मेदनी प्रसाद कश्यप उम्र 65 वर्ष, पत्नी शांति बाई 62 वर्ष, नाती पीताम्बर कश्यप उम्र 17 वर्ष और नातिन कुमारी मोगरा 13 वर्ष के रूप में हुई है.
जांजगीर चांपा पुलिस ने शुरू की जांच
मौके पर पहुंची शिवरीनारायण पुलिस ने पूरे क्षेत्र को अपने कब्जे में ले लिया है. जांजगीर चांपा एसपी और सभी पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं. डॉग स्क्वॉयड और फॉरेंसिक की टीम भी मौके पर पहुंची हुई है. फिलहाल परिजनों, पड़ोसियों और गांव वालों से पूछताछ जारी है.



