LETEST
Blog

सैलरी लेकर लौट रही युवती से लूट, चार दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली…

टीपी नगर एक्सिस बैंक के सामने रात में हुई वारदात, मोबाइल और 10 हजार रुपये लेकर फरार हुए बदमाश


कोरबा। शहर के व्यस्त टीपी नगर क्षेत्र में एक युवती से हुई लूट की वारदात के चार दिन बाद भी पुलिस आरोपियों तक नहीं पहुंच सकी है। CSEB चौकी क्षेत्र अंतर्गत टीपी नगर मेन रोड स्थित एक्सिस बैंक के सामने हुई इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार चिमनी भट्टा निवासी नेहा पांडे (24 वर्ष), पिता सुकलाल पांडे चार दिन पहले रात करीब 10 बजे काम से अपने घर लौट रही थीं। बताया जाता है कि उन्हें वेतन मिला था, जिसके 10 हजार रुपये उन्होंने मोबाइल कवर में सुरक्षित रखे थे। इसी दौरान वह मोबाइल पर बात करते हुए पैदल घर जा रही थीं।
तभी मोटरसाइकिल पर सवार दो अज्ञात बदमाश उनके पास पहुंचे और झपट्टा मारकर मोबाइल तथा मोबाइल कवर में रखे 10 हजार रुपये छीन लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी तेज रफ्तार से मौके से फरार हो गए। अचानक हुई घटना से घबराई युवती ने शोर मचाया, लेकिन तब तक बदमाश आंखों से ओझल हो चुके थे।
घटना की शिकायत तत्काल पुलिस में दर्ज कराई गई थी, लेकिन चार दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी नहीं कर पाई है। यह वारदात शहर के सबसे व्यस्त और संवेदनशील इलाकों में से एक माने जाने वाले टीपी नगर मेन रोड पर, वह भी एक्सिस बैंक के सामने हुई, जहां दिनभर लोगों की आवाजाही बनी रहती है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि मुख्य सड़क और बैंक के सामने हुई लूट की घटना के बाद भी पुलिस के हाथ खाली होना चिंता का विषय है। लोगों ने सवाल उठाया है कि यदि भीड़भाड़ वाले इलाके में हुई घटना के आरोपियों तक पुलिस नहीं पहुंच पा रही है, तो आम नागरिकों की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित होगी।
सीसीटीवी और पुलिस की जांच पर टिकी उम्मीद
घटना स्थल के आसपास कई प्रतिष्ठान और बैंक होने के कारण क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं। माना जा रहा है कि आरोपियों की पहचान के लिए पुलिस फुटेज खंगाल रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस सफलता नहीं मिली है। वहीं पीड़िता और उसके परिजन जल्द कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page