
बाइक पेट्रोलिंग कर प्रमुख मार्गों और गणेश पंडालों का किया निरीक्षण, सुरक्षा-व्यवस्था को लेकर आयोजकों को दिए जरूरी निर्देश
कोरबा। गणेशोत्सव, गणपति विसर्जन एवं विश्वकर्मा पूजा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए कोरबा पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के उद्देश्य से शहरी क्षेत्र में पुलिस अधिकारियों और जवानों ने व्यापक बाइक पेट्रोलिंग की। इस दौरान प्रमुख मार्गों, बाजार क्षेत्रों, भीड़भाड़ वाले स्थानों और संवेदनशील इलाकों का जायजा लिया गया।
प्रमुख थाना क्षेत्रों में पुलिस की बाइक पेट्रोलिंग
पुलिस टीम ने सिविल लाइन थाना, मानिकपुर पुलिस सहायता केंद्र, कोतवाली थाना एवं सीएसईबी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले प्रमुख इलाकों में बाइक पेट्रोलिंग की। पेट्रोलिंग के दौरान विभिन्न स्थानों पर स्थापित गणेश पंडालों का निरीक्षण किया गया और वहां की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने पंडाल समितियों से चर्चा कर आवश्यक सुरक्षा निर्देश दिए। साथ ही आयोजन और विसर्जन के दौरान भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था तथा किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने को लेकर सतर्क रहने के निर्देश दिए गए।
संदिग्ध गतिविधियों पर पुलिस की नजर
पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस बल ने लगातार क्षेत्र में भ्रमण कर असामाजिक और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी। त्योहारों के दौरान बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए पुलिस की सक्रिय मौजूदगी बनाए रखने और संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने पर जोर दिया गया।
गणपति विसर्जन और विश्वकर्मा पूजा को लेकर भी पुलिस बल को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि धार्मिक आयोजन शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सकें।
एएसपी लखन पटले समेत वरिष्ठ अधिकारियों ने संभाली कमान
बाइक पेट्रोलिंग में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले, नगर पुलिस अधीक्षक, संबंधित थाना प्रभारी, चौकी प्रभारी एवं पुलिस बल शामिल रहे। वरिष्ठ अधिकारियों ने स्वयं क्षेत्र में भ्रमण कर पुलिसिंग की स्थिति का जायजा लिया।
अधिकारियों ने अधीनस्थ पुलिसकर्मियों को त्योहारों के दौरान लगातार प्रभावी पेट्रोलिंग करने, संवेदनशील स्थानों पर नजर रखने और कानून-व्यवस्था से जुड़ी किसी भी स्थिति पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
पुलिस की आम नागरिकों से अपील
कोरबा पुलिस ने गणेशोत्सव, गणपति विसर्जन और विश्वकर्मा पूजा के आयोजकों के साथ-साथ आम नागरिकों से शांति, सौहार्द और आपसी भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील की है।
पुलिस ने कहा है कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या कानून-व्यवस्था से संबंधित स्थिति की जानकारी तत्काल पुलिस को दी जाए। पुलिस आगामी धार्मिक आयोजनों और गणपति विसर्जन के दौरान सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह सतर्क है।
सजग कोरबा, सतर्क कोरबा



