
बांकीमोंगरा, दीपका और कटघोरा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई; ₹74,500 नकद, 15 वाहन और 15 मोबाइल जब्त

कोरबा छत्तीसगढ़ / दिलीप कुमार वैष्णव। जिले में जुआरियों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सिंघाली के जंगल में चल रहे कथित जुए के फड़ पर दबिश दी। थाना बांकीमोंगरा, दीपका और कटघोरा पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए 11 लोगों को जुआ खेलते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। मौके से नकदी, मोबाइल फोन और बड़ी संख्या में दोपहिया वाहन समेत कुल ₹11 लाख 56 हजार 500 की संपत्ति जब्त की गई है।
♠️ जंगल में चल रहा था जुए का फड़
पुलिस के अनुसार, सिंघाली जंगल क्षेत्र में जुआ खेले जाने की सूचना मिलने के बाद बांकीमोंगरा पुलिस ने दीपका और कटघोरा पुलिस के साथ संयुक्त टीम तैयार की। टीम ने मौके पर दबिश दी, जहां कथित तौर पर कई लोग जुआ खेलते मिले। पुलिस ने घेराबंदी कर 11 आरोपियों को मौके से गिरफ्तार किया।
लाखों की संपत्ति जब्त
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से—
₹74,500 नगद
14 एंड्रॉइड मोबाइल और 1 की-पैड फोन, कुल कीमत करीब ₹2.82 लाख
बुलेट और स्कूटी समेत 15 मोटरसाइकिलें, अनुमानित कीमत करीब ₹8 लाख
जब्त की हैं। पुलिस के मुताबिक जप्त सामग्री की कुल कीमत ₹11,56,500 है।
11 आरोपी गिरफ्तार
पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपियों में शिवमोहन सिंग (50), अमित कुमार श्रीवास्तव (48), सफिक खान (25), संजू कुमार साहू (27), ईश्वरी साहू (37), विजय कुमार (52), हेमंत बहादुर कार्की (50), सुमीत यादव (28), अभिमन्यु सिंग (35), सुरेंद्र चौहान (39) और राजू नाहक (33) शामिल हैं। आरोपी कोरबा जिले के अलग-अलग क्षेत्रों के रहने वाले बताए गए हैं।
जुआरियों पर कानूनी कार्रवाई
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत विधिवत कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। जंगल में जुए के फड़ पर हुई इस संयुक्त कार्रवाई के बाद पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध जुआ गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। :::



