
कोरबा | छत्तीसगढ़
कोरबा जिले में बदमाशों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब राह चलते लोगों को रोककर मारपीट और चाकू की नोक पर लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया जा रहा है। ऐसा ही सनसनीखेज मामला कुसमुंडा थाना क्षेत्र के गंगा नगर बाजार के पास सामने आया है, जहां 7 से 8 बदमाशों ने बाइक सवार युवकों को घेरकर बेल्ट, डंडे और हाथ-मुक्कों से बेरहमी से पीटा। इसके बाद चाकू दिखाकर तीन मोबाइल फोन और नकदी लूटकर फरार हो गए।
मामले में कुसमुंडा पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए वारदात में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर लूटे गए तीन मोबाइल फोन और नकदी सहित करीब 21 हजार रुपये की संपत्ति बरामद की है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। वहीं, वारदात में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
आधी रात रास्ता रोककर किया हमला, चाकू दिखाकर लूटे मोबाइल
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 30 अक्टूबर 2026 की रात करीब 11 बजे की है। प्रार्थी अपने साथियों सुरेंद्रपाल कंवर, ज्योतिश कुमार, उमेश कंवर, प्रमोद कंवर और अजय सिंह के साथ ग्राम खोडरी से लौट रहा था। इसी दौरान जैसे ही वे गंगा नगर बाजार के समीप पहुंचे, तभी 7 से 8 अज्ञात बदमाशों ने उनकी मोटरसाइकिल रोक ली।
इसके बाद बदमाशों ने सभी युवकों पर हमला बोल दिया। हाथ-मुक्कों, बेल्ट और डंडों से जमकर मारपीट की गई। हमलावरों ने चाकू दिखाकर दहशत फैलाते हुए प्रार्थी का विवो Y31, ज्योतिश कुमार का ओप्पो A5, पर्स में रखे 500 रुपये तथा सुरेंद्रपाल कंवर का विवो Y18 मोबाइल फोन लूट लिया और मौके से फरार हो गए। अचानक हुए इस हमले में प्रार्थी और उसके साथियों को गंभीर चोटें आईं।
पुलिस ने बनाई विशेष टीम, मुखबिर तंत्र से दबोचे दो आरोपी
घटना की शिकायत मिलने पर थाना कुसमुंडा में अपराध क्रमांक 186/2026 के तहत धारा 331(4), 305, 3(5) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
वारदात की गंभीरता को देखते हुए कुसमुंडा पुलिस ने तत्काल विशेष टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस ने मुखबिर तंत्र और त्वरित छानबीन के आधार पर घटना में संलिप्त दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान मिली जानकारी और आरोपियों की निशानदेही पर लूटे गए तीनों मोबाइल फोन तथा नकदी बरामद कर ली गई।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम
1. निशांत प्रसाद केंवट (20 वर्ष), पिता लक्ष्मी प्रसाद केंवट, निवासी कुदरीपार (शिव मंदिर के पास), थाना बांकीमोंगरा, जिला कोरबा।
2. शिवा बिंझवार (20 वर्ष), पिता रामसिंह बिंझवार, निवासी मोंगरा बस्ती, थाना बांकीमोंगरा, जिला कोरबा।
₹21 हजार की संपत्ति बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे एवं निशानदेही पर निम्नलिखित संपत्ति बरामद की है—
– विवो Y31 मोबाइल फोन।
– ओप्पो A5 मोबाइल फोन।
– विवो Y18 मोबाइल फोन।
– लूटी गई नकदी रकम।
कुल बरामद संपत्ति की कीमत लगभग 21,000 रुपये बताई गई है।
बाकी फरार बदमाशों की तलाश जारी
कुसमुंडा पुलिस ने गिरफ्तार दोनों आरोपियों को सक्षम न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। वहीं, इस वारदात में शामिल अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
गंगा नगर बाजार के पास हुई इस वारदात ने क्षेत्र में राहगीरों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि पुलिस इस गिरोह के बाकी सदस्यों को कब तक गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचाती है।



