LETEST
Blog

कोरबा में कांग्रेस का ‘छात्रों की गूंज’ अभियान, नीट पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था पर केंद्र सरकार को घेरा…

कोरबा। जिला कांग्रेस कमेटी शहर, युवा कांग्रेस और कांग्रेस अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ ने संयुक्त रूप से मानिकपुर स्थित ओरिएंटल कॉलेज में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ अभियान के तहत कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान प्रोजेक्टर के माध्यम से अभियान का प्रसारण किया गया और नीट पेपर लीक समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर केंद्र सरकार की शिक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए गए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश राठौर ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में केंद्र सरकार की नीतियों के कारण देश की शिक्षा व्यवस्था कमजोर हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षा प्रणाली में सुधार के बजाय लगातार अव्यवस्था बढ़ी है, जिससे छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है।
युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश पंकज ने कहा कि पेपर लीक की घटनाओं ने परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि नीट सहित कई परीक्षाओं में हुई अनियमितताओं से करोड़ों छात्र-छात्राएं प्रभावित हुए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि इस पूरे मामले में केंद्र सरकार ने जिम्मेदारी तय करने की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया।
कांग्रेस अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष नारायण कुर्रे ने दावा किया कि वर्ष 2024 से अब तक नीट, यूजीसी-नेट, सीएसआईआर-नेट, पीजी सीयूईटी, जेईई मेन, बीपीएससी, बीएसएसएसबी और यूपीएससी जैसी कई परीक्षाएं पेपर लीक, परीक्षा रद्द होने, प्रश्नपत्र त्रुटियों, परिणाम में देरी और अन्य गड़बड़ियों के कारण विवादों में रही हैं। उन्होंने परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग की।
कार्यक्रम में कांग्रेस के वरिष्ठ पदाधिकारी, ओरिएंटल कॉलेज के प्राध्यापक, शिक्षक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कांग्रेस नेताओं ने छात्रों के हितों की रक्षा और परीक्षा प्रणाली में सुधार की आवश्यकता पर जोर दिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page