LETEST
Blog

अटल जी की पुण्यतिथि पर भावभीनी श्रद्धांजलि: भाजपा कोरबा ने किया राष्ट्रऋषि को नमन, कार्यकर्ताओं ने लिया राष्ट्रहित सर्वोपरि रखने का संकल्प…

अटल परिसर में गूंजा अटल जी का राष्ट्रनिर्माण और सुशासन का संदेश, नेताओं-कार्यकर्ताओं ने माल्यार्पण कर याद किया पूर्व प्रधानमंत्री का विराट व्यक्तित्व

कोरबा। भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी जी की पुण्यतिथि पर भारतीय जनता पार्टी जिला कोरबा द्वारा अटल परिसर में श्रद्धांजलि एवं माल्यार्पण कार्यक्रम आयोजित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अटल जी के छायाचित्र पर माल्यार्पण कर उनके राष्ट्रनिर्माण में दिए गए अतुलनीय योगदान को स्मरण किया।

कार्यक्रम के दौरान अटल परिसर में प्रदर्शित पट चित्रों का अवलोकन एवं अध्ययन भी किया गया। इन चित्रों के माध्यम से कार्यकर्ताओं ने अटल जी के जीवन, संघर्ष, राजनीतिक यात्रा, राष्ट्रसेवा और उनके विचारों को करीब से जाना तथा उनके व्यक्तित्व से प्रेरणा प्राप्त की।

इस अवसर पर उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन, भाजपा जिला अध्यक्ष गोपाल मोदी, महापौर संजूदेवी राजपूत, पूर्व महापौर जोगेश लांबा, जिला महामंत्री अजय विश्वकर्मा एवं वरिष्ठ पार्षद नरेंद्र देवांगन की गरिमामय उपस्थिति रही।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी भारतीय राजनीति के ऐसे महान व्यक्तित्व थे, जिन्होंने अपने विचारों, लोकतांत्रिक मूल्यों, राष्ट्रहित और सुशासन की प्रतिबद्धता से भारतीय राजनीति को नई दिशा प्रदान की। उनका व्यक्तित्व केवल एक राजनेता तक सीमित नहीं था, बल्कि वे एक संवेदनशील कवि, प्रखर वक्ता और राष्ट्र के प्रति समर्पित जननेता के रूप में सदैव स्मरण किए जाते रहेंगे।

भाजपा नेताओं ने कहा कि अटल जी ने अपने सार्वजनिक जीवन में राष्ट्रहित को सदैव सर्वोच्च प्राथमिकता दी। उनके नेतृत्व में देश ने विकास, आधारभूत संरचना, राष्ट्रीय सुरक्षा और सुशासन के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल कीं। उनका सरल व्यक्तित्व, ओजस्वी वाणी और सभी विचारधाराओं के प्रति सम्मान लोकतांत्रिक राजनीति के लिए आज भी प्रेरणा का स्रोत है।

श्रद्धांजलि कार्यक्रम में भाजपा कार्यकर्ताओं ने अटल जी के बताए मार्ग पर चलने, राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने तथा समाज और देश की सेवा के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष रुक्मणी नायर, योगेश जैन, जिला सह कोषाध्यक्ष नवीन अरोड़ा, जिला मीडिया प्रभारी अर्जुन गुप्ता, मंडल अध्यक्ष डॉ. राजेश राठौर, योगेश मिश्रा, शैलेन्द्र यादव, संजय राठौर, प्रदीप सिंह, नीरज ठाकुर, अविनाश दुबे, प्रिती स्वर्णकार, राकेश नागरमल अग्रवाल, पार्षद लक्ष्मण श्रीवास, सूरज पांडेय, राजेश लहरे, अजय चंद्रा, प्रकाश अग्रवाल, मोंटी पटेल, संजीव शर्मा सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी जी का जीवन आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का अक्षय स्रोत है। राष्ट्रसेवा, लोकतांत्रिक मर्यादा, सुशासन और जनकल्याण के प्रति उनकी प्रतिबद्धता सदैव देशवासियों का मार्गदर्शन करती रहेगी। अटल जी की स्मृतियों को नमन करते हुए सभी ने उनके आदर्शों को अपने जीवन और सार्वजनिक कार्यों में उतारने का संकल्प दोहराया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page