LETEST
Blog

तीन डकैती का खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार और एक विधि से संघर्षरत बालक पकड़ा गया! बाँकीमोंगरा पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई…

बलगी सबस्टेशन, सूराकछार और दीपका खदान में डकैती का खुलासा; वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद, कई थानों में दर्ज हैं अपराध

कोरबा। “सजग कोरबा–सतर्क कोरबा” अभियान के तहत बाँकीमोंगरा पुलिस ने डकैती के तीन मामलों का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि से संघर्षरत बालक को भी पकड़ा गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद की है।

पुलिस के मुताबिक, थाना बाँकीमोंगरा क्षेत्र के बलगी सबस्टेशन और सूराकछार खदान तथा थाना दीपका क्षेत्र की दीपका खदान में विगत दिनों डकैती की घटनाएं हुई थीं। इन मामलों में थाना बाँकीमोंगरा में अपराध क्रमांक 148/2026 एवं 131/2026 तथा थाना दीपका में अपराध क्रमांक 01/2026 दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

इन प्रकरणों में आरोपियों के खिलाफ धारा 310(2), 331(4), 331(6), 296, 115(2), 351(3), 221, 324(6) एवं 111 बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।

मुखबिर तंत्र से मिला सुराग, पुलिस ने दबोचे आरोपी

जांच के दौरान बाँकीमोंगरा पुलिस ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया और संदिग्धों की गतिविधियों पर नजर रखते हुए कार्रवाई की। पुलिस ने डकैती के मामलों में राजपाल चौहान (22), फिरोज मेमन (27), निकेश कुमार कश्यप (21) और होरीलाल केवट (24) को गिरफ्तार किया है। इनके साथ एक विधि से संघर्षरत बालक को भी पकड़ा गया है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में राजपाल चौहान निवासी जामनीमूड़ा थाना पाली, फिरोज मेमन निवासी भिलाईबाजार थाना हरदीबाजार, निकेश कुमार कश्यप निवासी शुक्लाखार थाना बाँकीमोंगरा और होरीलाल केवट निवासी शांतिनगर थाना कुसमुंडा शामिल हैं।

कई थानों में दर्ज हैं अपराध, पुलिस को थी तलाश

पुलिस के अनुसार पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ दीपका, पाली सहित अन्य थानों में भी अपराध दर्ज हैं, जिनमें पुलिस को इनकी तलाश थी। डकैती के मामलों में गिरफ्तारी के बाद पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर अन्य वारदातों और उनके संभावित नेटवर्क के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।

डकैती में इस्तेमाल मोटरसाइकिल जब्त

आरोपियों के कब्जे से डकैती में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की गई है। गिरफ्तार आरोपियों को विधिवत न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया है। वहीं विधि से संघर्षरत बालक के संबंध में नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के मुताबिक प्रकरण में कुछ आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश लगातार की जा रही है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।


बाँकीमोंगरा पुलिस की इस कार्रवाई से डकैती की घटनाओं में शामिल आरोपियों पर शिकंजा कसता नजर आ रहा है। “सजग कोरबा–सतर्क कोरबा” अभियान के तहत कोरबा पुलिस द्वारा चोरी एवं संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ लगातार प्रभावी कार्रवाई जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page