
500 ग्राम वजनी मुकुट बरामद, मध्यप्रदेश का निगरानी हिस्ट्रीशीटर भी निकला वारदात में शामिल

सक्ती छत्तीसगढ़ // महामाया मंदिर के पास स्थित साईं मंदिर में भगवान साईं के चांदी के मुकुट की चोरी के मामले का सक्ती पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने चोरी की वारदात में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 500 ग्राम वजनी चांदी का मुकुट, जिसकी कीमत लगभग 95 हजार रुपये है, बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी विजय बहादुर ने थाना सक्ती में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि साईं मंदिर से भगवान साईं का मुकुट चोरी हो गया है और चोरी करने वाला व्यक्ति मौके से भागने का प्रयास कर रहा था।
मामले में पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर (भापुसे) के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल (रापुसे) तथा एसडीओपी सक्ती डॉ. भुनेश्वरी पैकरा के मार्गदर्शन में पुलिस ने जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने सतीश दुबे पिता महेश दुबे, उम्र 37 वर्ष, निवासी ग्राम बिछुआ, थाना गाडरवारा, जिला नरसिंहपुर (मध्यप्रदेश) से पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने अपने सहयोगी ननकी राम चौहान पिता लछन राम चौहान, उम्र 44 वर्ष, निवासी ग्राम खम्हार, चौकी जोबी, थाना खरसिया, जिला रायगढ़ के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया।
आरोपियों के मेमोरेंडम कथन के आधार पर पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में 500 ग्राम वजनी चांदी का मुकुट, कीमत करीब 95,000 रुपये, विधिवत बरामद कर पुलिस कब्जे में लिया।
विवेचना के दौरान घटनास्थल निरीक्षण, प्रार्थी एवं गवाहों के कथनों तथा अन्य प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर दोनों आरोपियों की अपराध में संलिप्तता पाए जाने पर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
🔴 पहले से चोरी के मामलों में दर्ज है नाम
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी सतीश दुबे थाना पलोहा बड़ा, जिला नरसिंहपुर (मध्यप्रदेश) का निगरानी हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ पूर्व में चोरी के कई प्रकरण दर्ज होने की जानकारी पुलिस को मिली है। पुलिस के अनुसार आरोपी के विरुद्ध स्थायी वारंट भी लंबित है।
सक्ती पुलिस की इस कार्रवाई से मंदिर में हुई चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए चोरी गया चांदी का मुकुट बरामद कर लिया गया है।


