
बिलासपुर से कोरबा जा रही बस में महिला के गले से सोने की चेन उड़ाई थी, CCTV फुटेज से आरोपियों तक पहुंची रतनपुर पुलिस
बिलासपुर/रतनपुर। चलती बस में यात्रियों को धक्का-मुक्की कर झपटमारी करने वाले एक संगठित गिरोह का रतनपुर पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 7 महिलाओं सहित कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 8 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में कई लोग पूर्व में भी उठाईगिरी और झपटमारी के मामलों में जेल जा चुके हैं।
बिलासपुर से कोरबा जाते समय हुई वारदात
मामला 2 अगस्त 2026 का है। बांकीमोंगरा, जिला कोरबा निवासी भगवान राम प्रधान अपनी पत्नी गीता प्रधान के साथ किसी काम से बिलासपुर गए थे। काम पूरा करने के बाद दोनों नेहरू चौक, बिलासपुर से बस में सवार होकर अपने घर बांकीमोंगरा लौट रहे थे।
इसी दौरान महामाया चौक, बिलासपुर से कुछ महिलाएं भी बस में सवार हुईं। बस में भीड़ होने के कारण भगवान राम और उनकी पत्नी को सीट नहीं मिली और दोनों खड़े होकर सफर कर रहे थे।
धक्का-मुक्की कर महिला को घेरा, गले से चेन पार
आरोप है कि बस में सवार महिलाओं ने योजनाबद्ध तरीके से गीता प्रधान के साथ धक्का-मुक्की शुरू कर दी। महिलाओं ने उन्हें चारों तरफ से दबा दिया। इसके बाद आरोपी महिलाएं शनिचरी चौक, रतनपुर के पास बस से उतर गईं।
बस खाली होने के बाद जब गीता प्रधान को सीट मिली और उन्होंने अपने गले पर हाथ लगाया तो सोने की चेन गायब थी। इसके बाद उन्हें समझ आया कि भीड़ और धक्का-मुक्की के दौरान उनकी चेन झपट ली गई है।
घटना की शिकायत 11 अगस्त 2026 को थाना रतनपुर में दर्ज कराई गई।
CCTV फुटेज ने खोला राज
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर रतनपुर पुलिस ने शनिचरी चौक, रतनपुर और महामाया चौक, बिलासपुर के CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले।
फुटेज में संदिग्ध महिलाओं की पहचान की गई। पुलिस जांच में उनके कोनकोना, ठिहईभाठा, थाना बांगो, जिला कोरबा निवासी होने की जानकारी सामने आई।
इसके बाद रतनपुर पुलिस टीम ने कोनकोना में घेराबंदी कर 7 महिलाओं और 2 पुरुषों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
20 हजार रुपये में चेन बेचने का खुलासा
पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि वे सभी एक राय होकर बस में सवार महिला के गले से चेन झपटने की नीयत से धक्का-मुक्की कर रहे थे। मौका मिलते ही चेन चोरी कर ली गई।
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने चेन को अपने गिरोह की एक अन्य महिला सुरतनी गिरी निवासी रामनगर, थाना कुसमी को करीब 20 हजार रुपये में बेचने की बात बताई। आरोपियों ने चेन बेचने से मिले पैसों में से 12 हजार रुपये खर्च करना बताया, जबकि पुलिस ने उनके कब्जे से 8 हजार रुपये नकद बरामद किए।
संगठित अपराध की धारा में कार्रवाई
रतनपुर पुलिस ने मामले में गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ संगठित अपराध की धारा के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस के मुताबिक मामले में शामिल एक अन्य फरार आरोपी की तलाश जारी है।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम
1. अंजली गिरी पति मनोज गिरी गोस्वामी, उम्र 25 वर्ष
2. लोहारिन बाई पति हरिनाथ उर्फ खिरू गिरी गोस्वामी, उम्र 50 वर्ष
3. सुनीता गिरी पति स्व. बलबीर गिरी गोस्वामी, उम्र 30 वर्ष
4. रामबाई पति हरिनाथ उर्फ खिरू गिरी गोस्वामी, उम्र 40 वर्ष
5. प्रीति गिरी पति नरेश गिरी, उम्र 30 वर्ष
6. शिवानी पति राकेश गिरी गोस्वामी, उम्र 20 वर्ष
7. देवी गिरी पति राम गिरी गोस्वामी, उम्र 20 वर्ष
8. नरेश गिरी पिता सुखराम गिरी गोस्वामी, उम्र 35 वर्ष
9. राम गिरी पिता ओप्रकाश गिरी गोस्वामी, उम्र 20 वर्ष
सभी आरोपी ग्राम कोनकोना, ठिहईभाठा, थाना बांगो, जिला कोरबा, छत्तीसगढ़ के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस टीम का विशेष योगदान
पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय, प्रधान आरक्षक बलदेव सिंह, आरक्षक अखिलेश पारकर, मोरध्वज चंद्रा और महिला आरक्षक अंजेला खलखो का विशेष योगदान रहा।
रतनपुर पुलिस की इस कार्रवाई से बसों में यात्रियों को निशाना बनाकर झपटमारी करने वाले गिरोह पर बड़ी चोट मानी जा रही है।



