LETEST
Blog

हंसी-ठहाकों, व्यंग्य बाण और श्रृंगार की कविताओं से गूंजता रहा ओपन थिएटर.

कोरबा। हंसी के ठहाके, व्यंग्य के तीखे बाण, गीतों की मिठास और श्रृंगार रस की कविताएं… बुधवार की शाम निहारिका स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर ओपन एयर ऑडिटोरियम में साहित्य और मनोरंजन का खूबसूरत संगम देखने को मिला। मौका था अखिल भारतीय हास्य कवि सम्मेलन-2026 का, जहां देश के अलग-अलग हिस्सों से पहुंचे कवियों ने अपनी रचनाओं से श्रोताओं को देर तक बांधे रखा।
कविता… जो दिल से दिल तक पहुंचे’ की थीम पर आयोजित इस काव्य संध्या में कवियों ने हास्य, व्यंग्य, गीत और श्रृंगार की प्रस्तुतियों से माहौल को जीवंत कर दिया। कभी कविताओं पर जमकर ठहाके गूंजे तो कभी गीतों और भावपूर्ण रचनाओं ने श्रोताओं को भावनाओं से जोड़ा।
कार्यक्रम के प्रारंभ में आमंत्रित सभी कवियों का बैज लगाकर स्वागत एवं सम्मान किया गया। इसके बाद मां सरस्वती का स्मरण करते हुए गीतकार मीर अली मीर ने अपनी प्रस्तुति के साथ काव्य सम्मेलन का शुभारंभ कराया।
कवि सम्मेलन में प्रयागराज के अखिलेश द्विवेदी ने हास्य कविताओं से श्रोताओं को खूब गुदगुदाया। रायपुर के गीतकार मीर अली मीर ने गीतों की प्रस्तुतियों से समां बांधा। पश्चिम बंगाल से पहुंचे पवन बांके बिहारी ने हास्य काव्य के जरिए माहौल में रंग भरा, वहीं कटनी की प्रियंका मिश्रा ने श्रृंगार रस की कविताओं से काव्य संध्या को खास बना दिया।
कोरबा के हिरामणी वैष्णव, बिलाईगढ़ के शशि भूषण स्नेही और बरमकेला के कमलेश यादव ‘धाकड़’ ने भी अपनी हास्य रचनाओं से श्रोताओं को खूब हंसाया। कवियों की एक के बाद एक प्रस्तुतियों के साथ ओपन थिएटर देर तक तालियों और ठहाकों से गूंजता रहा।
कार्यक्रम में महापौर  संजू देवी राजपूत, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक बिलासपुर के पूर्व अध्यक्ष देवेन्द्र पांडेय, विश्व हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष अमरजीत सिंह तथा जिला अध्यक्ष नरेंद्र मोदी विचार मंच सोनू पांडेय सहित अन्य अतिथियों की गरिमामय उपस्थिति रही। अतिथियों ने भी पूरे काव्य सम्मेलन का आनंद लिया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर आमंत्रित कवियों को आयोजन समिति की ओर से महापौर के हाथों स्मृति-चिह्न भेंट करा कर सम्मानित किया गया। महापौर संजू देवी राजपूत को आयोजक परिवार की ओर से सम्मानित किया गया। आमंत्रित अतिथियों का भी स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मान किया गया। इस अवसर पर कोरबा प्रेस क्लब के संरक्षक कमलेश यादव, वरिष्ठ पत्रकार किशोर शर्मा, भारत विकास परिषद के महेश गुप्ता, नगर निगम के सचिव रामेश्वर कंवर, अखबार वितरक संघ के प्रदेश अध्यक्ष पदम सिंह चंदेल, जिला अध्यक्ष विपेंद्र साहू
सहित गणमान्यजन भी विशेष तौर पर उपस्थित रहे।
पूरे आयोजन को सफल बनाने में  राजेन्द्र जायसवाल,  रंजन प्रसाद, पुरुषोत्तम दुबे और  ओम गवेल का महत्वपूर्ण योगदान रहा। आयोजन की सफलता में प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष सहयोग देने वाले सभी लोगों के प्रति आयोजन समिति ने आभार व्यक्त किया।
काव्य, हास्य, व्यंग्य, गीत और श्रृंगार से सजी यह शाम कोरबा के साहित्यप्रेमियों के लिए यादगार बन गई। कवियों की प्रस्तुतियों पर श्रोताओं की जोरदार तालियां और ठहाके पूरे आयोजन की सफलता की गवाही देते रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page