अफेयर को लेकर हुआ विवाद, गर्लफ्रेंड ने बॉयफ्रेंड की चाकू मारकर की हत्या, फिर हो गई फरार…

रायपुर में एक नाबालिग गर्लफ्रेंड (16) ने अपने बॉयफ्रेंड की चाकू गोदकर हत्या कर दी. पुलिस के अनुसार, हत्या का कारण अफेयर को लेकर हुआ विवाद है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच मे जुटी है.
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के स्टेशन रोड स्थित एवॉन लॉज में एक सनसनीखेज हत्याकांड सामने आया है. यहां एक 16 वर्षीय नाबालिग गर्लफ्रेंड ने अपने बॉयफ्रेंड को चाकू से गोदकर मौत के घाट उतार दिया. पुलिस की प्रारंभिक जांच के मुताबिक यह हत्या अफेयर से जुड़े विवाद के कारण हुई है. मृतक युवक मूल रूप से बिहार का रहने वाला था और रायपुर के एक कॉलेज में इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहा था.
गर्लफ्रेंड ने बॉयफ्रेंड की चाकू मारकर की हत्या
दरअसल, नाबालिग आरोपी गर्लफ्रेंड ने बॉयफ्रेंड के गले और पीठ समेत शरीर के अन्य हिस्सों पर चाकू से 5 वार किए. वारदात को अंजाम देने के बाद नाबालिग ने चतुराई से लॉज का रूम बाहर से बंद कर दिया और कमरे की चाबी रेलवे ट्रैक पर फेंककर वहां से फरार हो गई. वह सीधे बिलासपुर स्थित अपने घर पहुंची और परिजनों को घटना की जानकारी दी. परिजनों ने तुरंत नाबालिग को लेकर कोनी थाना पहुंचे, जिसके बाद यह गंभीर मामला सामने आया.
इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहा था मृतक
बिलासपुर पुलिस से सूचना मिलने पर गंज पुलिस लॉज पहुंची और दूसरी चाबी से कमरा खोला तो युवक का शव औंधे मुँह पड़ा हुआ मिला. जांच में पता चला कि मृतक मोहम्मद सद्दाम था, जो मूल रूप से बिहार का रहने वाला था और रायपुर के एक कॉलेज में इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहा था.
27 और 28 सितंबर को लॉज में रुकी थी नाबालिग
पुलिस ने बताया कि मृतक 27 और 28 सितंबर को नाबालिग के साथ लॉज में आया था. पुलिस अब नाबालिग गर्लफेंड से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि उसने लॉज में ठहरने के लिए कौन सा पहचान पत्र इस्तेमाल किया था. क्योंकि 27 सितंबर को उसे नाबालिग के साथ लॉज से निकलते देखा गया था. 28 सितंबर को नाबालिग गर्लफेंड को अकेले लॉज से निकलते देखा गया था. और सोमवार शाम जब पुलिस लॉज पहुंची तो लॉज वालों को मर्डर का पता चला. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।



