स्कूली बच्चों को बड़ी राहत: छत्तीसगढ़ सरकार ने बीस अप्रैल से स्कूलों में छुट्टी कर दी घोषित… देखें आदेश

छत्तीसगढ़ में इन दिनों पड़ रही भीषण गर्मी के चलते राज्य सरकार ने स्कूलों में बीस अप्रैल से छुट्टी की घोषणा कर दी है। पहले 1 मई से अवकाश घोषित था।
कोरबा // छत्तीसगढ़ सरकार ने स्कूली बच्चों को गर्मी से राहत देने के लिए बीस अप्रैल से ही छुट्टियों की घोषणा कर दी है। उल्लेखनीय है कि, प्रदेश में लगातार बढ़ती गर्मी और लू जैसे हालात को देखते हुए राज्य सरकार ने यह निर्णय लिया है।
स्कूल शिक्षा विभाग की ओर से इस बाबत जारी आदेश में कहा गया है कि, इससे पहले शासकीय, अनुदान प्राप्त, गैर अनुदान प्राप्त शालाओं में 01/05/2026 से 15/06/2026 तक ग्रीष्मकालीन अवकाश घोषित किया गया था। लेकिन वर्तमान में प्रदेश में पड़ रही भीषण गर्मी व लू के कारण छात्रों के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभाव की आशंका को दृष्टिगत रखते हुए, राज्यशासन ने प्रदेश के समस्त शासकीय, अनुदान प्राप्त, गैर अनुदान प्राप्त, अशासकीय शालाओं के लिए घोषित ग्रीष्मकालीन अवकाश में आंशिक संशोधन करते हुए 20/04/2026 से 15/06/2026 तक ग्रीष्मकालीन अवकाश घोषित करता है। यह भी कहा गया है कि, यह आदेश शिक्षकों पर लागू नहीं होगा।
बच्चों को मिलेगी बड़ी राहत
सरकार ने इस निर्णय के तहत प्रदेश के सभी सरकारी और निजी स्कूलों में ग्रीष्मकालीन अवकाश निर्धारित तिथि से पहले ही लागू हो जाएगा। पिछले कुछ दिनों से तापमान में लगातार वृद्धि दर्ज की जा रही है, जिससे छोटे बच्चों के लिए स्कूल जाना मुश्किल हो रहा था।




