
कोरबा छत्तीसगढ़ // औद्योगिक नगरी कोरबा में आज उस समय मातम पसर गया, जब एचटीपीपी (HTPP) के ग्राम झाबू स्थित राखड़ डेम का एक हिस्सा अचानक भरभरा कर टूट पड़ा। डेम से निकले राख के भारी सैलाब ने वहां काम कर रहे एक जेसीबी ऑपरेटर को पल भर में अपनी चपेट में ले लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, राख का बहाव इतना तेज था कि ऑपरेटर को संभलने का मौका तक नहीं मिला और वह मशीन समेत मलबे में दब गया।

प्रबंधन की लापरवाही पर उठे सवाल
हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही राहत बचाव दल मौके पर पहुँचा, लेकिन राख की मोटी परत ने बचाव कार्य को बेहद चुनौतीपूर्ण बना दिया है। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि राखड़ डेम की सुरक्षा को लेकर लंबे समय से शिकायतें की जा रही थीं, लेकिन प्रबंधन ने हर बार इसे नजरअंदाज किया। आज इसी लापरवाही ने एक मजदूर की जान ले ली। फिलहाल प्रशासन और प्रबंधन के आला अधिकारी मौके पर मौजूद हैं, लेकिन घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है।



