कोरबा में उधारी के पैसों को लेकर विवाद: व्यापारी को धमकी, सशस्त्र बल का जवान भी शामिल…

कोरबा छत्तीसगढ़ // शहर में उधारी के पैसों को लेकर एक गंभीर मामला सामने आया है, जिसमें एक सीमेंट व्यापारी को न केवल भुगतान से वंचित रखा गया बल्कि उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी गई। इस मामले में पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, सीमेंट विक्रेता अरुण सिंघानिया ने कोतवाली थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई कि लगभग छह माह पहले अंशु पलेरिया नामक व्यक्ति ने उनसे करीब 1 लाख 75 हजार रुपए का सीमेंट उधारी में लिया था। तय समय बीत जाने के बावजूद जब भी व्यापारी ने पैसे की मांग की, आरोपी टालमटोल करता रहा।
पीड़ित के मुताबिक, कुछ दिन पहले अंशु पलेरिया अपने साथी दद्दा उर्फ राघवेंद्र सिंह तोमर और करीब पांच अन्य लोगों के साथ उनके घर के पास पहुंचा। वहां आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जमकर हंगामा किया और अरुण सिंघानिया व उनके परिवार को जान से मारने की धमकी दी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए कोरबा कोतवाली पुलिस ने अंशु पलेरिया, राघवेंद्र सिंह तोमर सहित कुल सात लोगों के खिलाफ धारा 296, 351(3) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि आरोपी राघवेंद्र सिंह तोमर छत्तीसगढ़ सशस्त्र पुलिस बल में पदस्थ है और वर्तमान में बस्तर संभाग में तैनात है। वहीं, सूत्रों के अनुसार मामले में शामिल कुछ अन्य आरोपी कथित रूप से अवैध कोयला कारोबार से भी जुड़े हुए बताए जा रहे हैं।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की भूमिका की विस्तृत पड़ताल की जा रही है।



