भाजपा का छूटभैया नेता दीपक जायसवाल नौकरी लगाने के नाम पर 50 हज़ार की ठगी, पुलिस में शिकायत दर्ज…

कोरबा (दीपका): नेताजी का रुतबा दिखाकर लोगों को चूना लगाने वाले एक तथाकथित ‘भाजपा नेता’ दीपक जायसवाल की करतूतें अब पुलिस की रडार पर हैं। दीपका निवासी दीपक जायसवाल पर नौकरी और सरकारी ठेका दिलाने के नाम पर लोगों से अवैध वसूली करने का गंभीर आरोप लगा है।
क्या है पूरा मामला?
रामपुर करतला निवासी अजय कंवर ने दीपका थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पीड़ित के अनुसार, आरोपी दीपक जायसवाल ने उसे नौकरी दिलाने का झांसा देकर 50 हजार रुपये ऐंठ लिए। न तो नौकरी मिली और न ही पैसे वापस हुए। उल्टे, जब अजय ने अपने पैसे मांगे, तो आरोपी ने उसे झूठे केस में फंसाने और गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दी।
ठगी का ‘सदाबहार’ फॉर्मूला: बड़े नेताओं के साथ फोटो!
दीपक जायसवाल का ठगी करने का अंदाज बड़ा ही शातिर है। यह महाशय भाजपा के बड़े नेताओं के साथ अपनी फोटो दिखाकर लोगों को विश्वास में लेता है और फिर उन्हें सुनहरे सपनों के जाल में फंसाकर लूटता है। सूत्रों की मानें तो पंचायतों में काम दिलाने के नाम पर भी यह पहले कई लोगों को ठग चुका है।
सोशल मीडिया पर फूटा आक्रोश: “पार्टी की छवि बिगाड़ने वालों को बाहर करो!”
इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर भाजपा कार्यकर्ताओं का गुस्सा सातवें आसमान पर है। स्थानीय कार्यकर्ताओं ने दीपक जायसवाल को ‘फर्जी कार्यकर्ता’ करार देते हुए कहा कि ऐसे लोग भाजपा की साफ-सुथरी छवि को धूमिल कर रहे हैं। कार्यकर्ताओं ने पार्टी आलाकमान से मांग की है कि ऐसे दागदार लोगों को तत्काल पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाया जाए।
फिलहाल दीपका पुलिस ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। अब देखना होगा कि खाकी का डंडा इस ‘नेताजी’ पर कब चलता है।



