कोरबा में चला बुलडोजर: पुल चोरी कांड के मास्टरमाइंड मुकेश ‘बरबट्टी’ का अवैध साम्राज्य जमींदोज… पढ़िए पूरी खबर, देखें वीडियो…

“कबाड़ के धंधे से खड़ा किया अवैध साम्राज्य, प्रशासन ने दिखाई सख्ती”
कोरबा // छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में गुरुवार को प्रशासन ने बड़ी और सख्त कार्रवाई करते हुए चर्चित पुल चोरी कांड के मुख्य आरोपी और कुख्यात कबाड़ी मुकेश साहू उर्फ बरबट्टी के अवैध निर्माण पर बुलडोजर चला दिया। नगर निगम और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने भारी पुलिस बल की मौजूदगी में राताखार इलाके में कार्रवाई को अंजाम दिया। जैसे ही बुलडोजर मौके पर पहुंचा, इलाके में हड़कंप मच गया।
सुबह से छावनी में तब्दील रहा राताखार इलाका
कोतवाली थाना क्षेत्र के राताखार स्थित मुकेश साहू के आलीशान दो मंजिला अवैध भवन को ध्वस्त करने की कार्रवाई सुबह से शुरू हुई। प्रशासनिक अधिकारियों, निगम अमले और भारी पुलिस फोर्स की मौजूदगी के चलते पूरा इलाका छावनी में तब्दील नजर आया। कार्रवाई की खबर फैलते ही मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
150 से ज्यादा पुलिस जवान तैनात, हर गतिविधि पर नजर
किसी भी विरोध या अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे। मौके पर 150 से अधिक पुलिस जवानों को तैनात किया गया था। पुलिस अधिकारियों की निगरानी में बुलडोजर लगातार अवैध निर्माण को ढहाता रहा, जबकि प्रशासनिक टीम पूरे इलाके की मॉनिटरिंग करती रही।
कार्रवाई के दौरान महिलाओं और पुलिस के बीच तीखी बहस
बुलडोजर कार्रवाई के दौरान कुछ महिलाओं ने विरोध जताया, जिसके चलते पुलिसकर्मियों और महिलाओं के बीच तीखी नोंकझोंक भी देखने को मिली। हालांकि पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए कार्रवाई जारी रखी। प्रशासन का साफ कहना है कि अवैध कब्जों और नियम विरुद्ध निर्माण के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
पुल चोरी कांड से फिर सुर्खियों में आया ‘बरबट्टी’
मुकेश साहू उर्फ बरबट्टी वही नाम है, जो प्रदेशभर में चर्चित पुल चोरी मामले के बाद सुर्खियों में आया था। अब प्रशासन उसके अवैध निर्माण, जमीन कब्जों और अन्य गतिविधियों की भी गहराई से जांच कर रहा है। अधिकारियों ने संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में ऐसे कई और अवैध ठिकानों पर कार्रवाई हो सकती है।
“अवैध कब्जाधारियों को सीधा संदेश”
प्रशासन की इस कार्रवाई को जिले में अवैध कब्जों और रसूख के दम पर खड़े किए गए साम्राज्यों के खिलाफ बड़ा संदेश माना जा रहा है। अधिकारियों ने साफ कर दिया है कि कानून से ऊपर कोई नहीं और नियम तोड़ने वालों पर बुलडोजर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।



