
कोरबा छत्तीसगढ़ // पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में संचालित “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत कोरबा पुलिस ने शराब पीकर वाहन चलाने वाले 26 चालकों के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई की।

यातायात इकाइयों और थाना पुलिस ने जिले भर में चेकिंग प्वाइंट लगाकर ब्रेथ एनालाइजर से जांच की। इसमें 5 चार पहिया और 21 दो पहिया वाहन चालक नशे की हालत में वाहन चलाते पाए गए। सभी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई कर न्यायालयीन प्रक्रिया के लिए पेश किया जाएगा।
पुलिस ने बताया कि शराब पीकर वाहन चलाना सड़क दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण है, क्योंकि नशे में निर्णय क्षमता, ध्यान और प्रतिक्रिया समय प्रभावित होता है। आमजन से अपील की गई है कि शराब सेवन के बाद वाहन न चलाएं और यातायात नियमों का पालन करें।
कोरबा पुलिस ने कहा कि सड़क सुरक्षा और दुर्घटना रोकथाम के लिए इस तरह की विशेष कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।



