
जांजगीर-चांपा छत्तीसगढ़ // पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय IPS की पहल पर बलौदा क्षेत्र के तीन गांवों में एक साथ महिला कमांडो टीम का गठन कर नशा मुक्ति एवं साइबर जनजागरूकता का विशेष कार्यक्रम शुक्रवार को आयोजित किया गया। महिला सशक्तिकरण की दिशा में इसे बड़ा कदम माना जा रहा है।

*तीन गांवों की महिलाएं एकजुट*
थाना बलौदा क्षेत्र के ग्राम डोंगरी में आयोजित कार्यक्रम में SP विजय पाण्डेय की मौजूदगी में ग्राम कोरबी, डोंगरी एवं काटापाली की जागरूक और सक्रिय महिलाओं को संगठित कर महिला कमांडो टीम बनाई गई। इसका उद्देश्य महिलाओं को सामाजिक सरोकारों से जोड़कर नशा मुक्ति, साइबर सुरक्षा, महिला एवं बाल संरक्षण तथा सामुदायिक जागरूकता में अग्रणी भूमिका देना है।

*‘महिलाएं बनेंगी बदलाव की कड़ी’ – SP*
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए SP विजय पाण्डेय ने कहा कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने में महिलाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है। महिला कमांडो टीम गांव-गांव में जनजागरूकता की मजबूत कड़ी बनेगी तथा नशे के विरुद्ध अभियान, साइबर अपराधों से बचाव, महिलाओं-बच्चों की सुरक्षा और सामाजिक बुराइयों के उन्मूलन के लिए सक्रिय रूप से कार्य करेगी।

*‘पुलिस अकेले नहीं लड़ सकती’*
SP ने कहा कि साइबर अपराध और नशे की समस्या समाज के लिए गंभीर चुनौती है। इनका मुकाबला केवल पुलिस के प्रयासों से नहीं, बल्कि जनसहभागिता से ही संभव है। टीम के सदस्य अपने गांवों में लोगों को जागरूक करेंगे, संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी पुलिस तक पहुंचाएंगे और महिलाओं को उनके अधिकारों एवं सुरक्षा उपायों के प्रति सजग बनाएंगे।
*ट्रेनिंग भी दी गई*
कार्यक्रम में महिला कमांडो टीम की भूमिका, दायित्व एवं कार्यप्रणाली की विस्तृत जानकारी दी गई। महिलाओं को साइबर ठगी, ऑनलाइन फ्रॉड, डिजिटल सुरक्षा, नशे के दुष्परिणाम, घरेलू हिंसा, महिला सुरक्षा कानून एवं बाल संरक्षण संबंधी विषयों पर जागरूक किया गया। समाज में जागरूकता अभियान चलाने के लिए प्रेरित किया गया।
*ये रहे मौजूद*
इस अवसर पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, ग्रामीणजन तथा बलौदा थाना प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिन्हा उपस्थित रहे।



