
अस्पताल में फल वितरण, मंदिरों में पूजा-अर्चना और भाजपा कार्यालय में कार्यकर्ताओं ने किया भव्य स्वागत…
कोरबा। भारतीय जनता पार्टी कोरबा के जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी का जन्मदिन इस वर्ष सेवा, आस्था और संगठनात्मक उत्साह के साथ मनाया गया। जन्मदिन के अवसर पर भाजपा कार्यकर्ताओं, सामाजिक संगठनों, व्यापारियों और शुभचिंतकों ने विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर उन्हें शुभकामनाएं दीं।
दिन की शुरुआत पुराना बस स्टैंड स्थित रानी धनराज कुँवर अस्पताल से हुई, जहां गोपाल मोदी ने मरीजों से मुलाकात कर फल वितरित किए। इसके बाद उन्होंने श्री खाटू श्याम मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश और जिले की सुख-समृद्धि की कामना की।
टीपी नगर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय भाजपा जिला कार्यालय में कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। गायत्री परिवार के वैदिक मंत्रोच्चार के बीच केक काटकर जन्मदिन मनाया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
इसके बाद गोपाल मोदी ने कोरबा की आराध्य देवी मां सर्वमंगला मंदिर पहुंचकर वरिष्ठ भाजपा नेता विकास अग्रवाल के साथ विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं और कार्यकर्ताओं के बीच मिष्ठान का वितरण भी किया गया।
जन्मदिन के अवसर पर भाजपा के विभिन्न मोर्चों और प्रकोष्ठों ने अलग-अलग स्थानों पर सम्मान और शुभकामना कार्यक्रम आयोजित किए। गोपाल मोदी ने सभी कार्यकर्ताओं, सामाजिक संगठनों, व्यापारिक वर्ग और शुभचिंतकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें मिला यह स्नेह और विश्वास आगे भी जनसेवा के लिए प्रेरित करता रहेगा।
जन्मदिन की पूर्व संध्या से ही शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और मुख्य मार्गों पर शुभकामना बैनर एवं पोस्टर लगाए गए थे, जिससे पूरे शहर में उत्सव का माहौल देखने को मिला। समाज सेवा, संगठनात्मक सक्रियता और विभिन्न सामाजिक वर्गों के साथ संवाद के कारण गोपाल मोदी की पहचान जिले के सक्रिय जनप्रतिनिधि और संगठनात्मक नेता के रूप में बनी हुई है।



