
कोरबा // बालको थाना अंतर्गत डेंगूनाला पुल के नीचे नदी किनारे आज एक दो साल के मासूम बच्चे की लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही बालको थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
कल से लापता था मासूम केशव
मृतक बच्चे की पहचान रामपुर बस्ती निवासी दिनेश कुमार के 2 वर्षीय पुत्र केशव के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि मासूम केशव कल से लापता था, जिसके बाद से माता-पिता उसकी लगातार खोजबीन कर रहे थे।
मजदूरी करने गए थे माता-पिता, आंख लगते ही हुआ हादसा
मिली जानकारी के अनुसार, केशव के माता-पिता रोजी-मजदूरी का काम करते हैं। वे काम के सिलसिले में लालघाट गए हुए थे। नाला पार करने के बाद वे डेंगूनाला के पास एक पेड़ के नीचे बैठे थे। इसी दौरान पिता आगे निकल गए, जबकि मां पेड़ के नीचे बैठकर बच्चे को दूध पिला रही थी। थकान के कारण मां की आंख लग गई और इसी बीच मासूम केशव वहां से लापता हो गया। आशंका जताई जा रही है कि मां के सो जाने के बाद बच्चा खेलते-खेलते नाले के पास चला गया होगा और पानी में डूब गया।
> बालको थाना पुलिस ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने परिजनों का बयान दर्ज कर लिया है और मर्ग कायम कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
उफान पर नदी-नाले, पहले भी हो चुका है हादसा
गौरतलब है कि लगातार हो रही बारिश के कारण क्षेत्र के नदी-नाले उफान पर हैं। कुछ दिनों पहले भी इसी डेंगूनाला में पानी के तेज बहाव में एक पति-पत्नी बह गए थे, जिसमें पति की मौत हो गई थी, जबकि पत्नी किसी तरह तैरकर बाहर निकलने में कामयाब रही थी। प्रशासन ने लोगों से उफान पर चल रहे नदी-नालों के पास सावधानी बरतने की अपील की है।



