
जांजगीर-चांपा जिले के ग्राम उच्चभिट्ठी में जमीन के बंटवारे को लेकर चल रहा विवाद एक दर्दनाक हादसे में बदल गया। घर में घुसकर की गई मारपीट और बीच-बचाव के दौरान लगे हिंसक धक्के से एक बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई। चांपा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
बंटवारे को लेकर चल रहा था विवाद
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम उच्चभिट्ठी स्थित लगभग 09 डिसमिल जमीन और उस पर बने मकान के बंटवारे को लेकर लोचन प्रसाद यादव, गोपी यादव और भरत यादव के परिवारों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था।
दिनांक 5 अक्टूबर 2026 को इसी रंजिश के चलते आरोपी राजकिरण यादव (पिता भरत लाल यादव, उम्र 23 वर्ष, निवासी उच्चभिट्ठी) हाथ में धारदार स्टील का ब्लेड लेकर पीड़ित रमेश यादव के घर में जबरन घुस गया। आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और मारपीट शुरू कर दी।
बीच-बचाव करने आए बुजुर्ग की मौत
जब मारपीट हो रही थी, तब रमेश यादव के पिता लोचन प्रसाद यादव अपने बेटे को बचाने के लिए बीच-बचाव करने पहुंचे। इसी दौरान गुस्साए आरोपी राजकिरण ने लोचन प्रसाद के सीने पर जोरदार धक्का दे दिया। धक्का लगते ही बुजुर्ग सीने पर हाथ रखकर जमीन पर गिर पड़े और कुछ ही देर में उनकी मृत्यु हो गई।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई और गिरफ्तारी
घटना की सूचना मिलते ही थाना चांपा पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया गया। शॉर्ट पीएम रिपोर्ट, सूचक रमेश यादव और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 105, 296, 351(3), और 333 के तहत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैंडन यार्क के मार्गदर्शन में थाना चांपा पुलिस ने टीम गठित कर दबिश दी और आरोपी राजकिरण यादव को हिरासत में लिया।
वारदात में प्रयुक्त ब्लेड जब्त
कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी के मेमोरंडम कथन के आधार पर घटना में इस्तेमाल किया गया स्टील का ब्लेड जब्त कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
इस पूरी त्वरित और वैधानिक कार्रवाई में चांपा थाना प्रभारी निरीक्षक कमलेश कुमार सेन्डे एवं थाना स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।



