
फुटहामुड़ा पिकनिक स्पॉट पर छापा, ₹14,700 नकद सहित 7 बाइक और 7 मोबाइल जब्त; गोढ़ी जंगल में कथित जुए के संचालन की जांच की मांग

कोरबा। जिले में जुए की गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए बालकोनगर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ग्राम फुटहामुड़ा स्थित पिकनिक स्पॉट से आठ लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे एवं घटनास्थल से 14,700 रुपये नकद, सात दोपहिया वाहन, सात मोबाइल फोन और 52 पत्ती ताश जब्त की है। कार्रवाई 14 अक्टूबर 2026 को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर की गई।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पाटले एवं नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में बालकोनगर पुलिस की टीम ने फुटहामुड़ा पिकनिक स्पॉट पर दबिश दी। मौके पर ताश के पत्तों के माध्यम से रुपये-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेलने की जानकारी मिलने पर पुलिस ने घेराबंदी कर आठ आरोपियों को पकड़ा।
गिरफ्तार आरोपियों में विजय कुमार वर्मा निवासी पोड़ीबहार, हसीम कुरैशी निवासी चिमनी भट्ठा मानिकपुर, देवेंद्र साहनी निवासी ढोढ़ीपारा, उज्ज्वल विश्वास निवासी कृष्णा नगर मानिकपुर, धनीराम निवासी मुड़ापार निषाद मोहल्ला, रहीस कुरैशी निवासी मुड़ापार, आरिफ खान निवासी मुड़ापार बाजार रोड तथा सूरजमल देवांगन निवासी बुधवारी काशीनगर शामिल हैं।
पुलिस ने मामले में थाना बालकोनगर में अपराध क्रमांक 614/2026 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम, 2022 की धारा 3(2) के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की है।
गोढ़ी जंगल में कथित जुए की गतिविधियों पर भी नजर जरूरी
फुटहामुड़ा में पुलिस की कार्रवाई के बीच सिविल लाइन थाना रामपुर क्षेत्र के गोढ़ी जंगल में लंबे समय से कथित तौर पर जुआ संचालित होने की चर्चा भी सामने आ रही है। ऐसे में संबंधित सूचनाओं की जांच कर वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने तथा तथ्य सामने आने पर नियमानुसार कार्रवाई करने की आवश्यकता है।
बालकोनगर पुलिस की इस कार्रवाई से जुए के खिलाफ पुलिस की सक्रियता सामने आई है। अब गोढ़ी जंगल सहित अन्य क्षेत्रों में कथित जुआ गतिविधियों को लेकर मिलने वाली सूचनाओं पर पुलिस की कार्रवाई पर भी नजर रहेगी।



