LETEST
Blog

प्रतापपुर में जुए के फड़ पर पुलिस की कथित मेहरबानी पड़ी भारी! एसपी का बड़ा एक्शन, थाना प्रभारी समेत 5 पुलिसकर्मी सस्पेंड

99 हजार रुपये के साथ 7 जुआरी गिरफ्तार, पुलिस महकमे में मचा हड़कंप; खाकी की साख पर सवाल उठने के बाद एसपी ने दिखाई सख्ती।

99 हजार रुपए और गाड़ियों के साथ पकड़े गए 7 जुआरी

सूरजपुर। जिले के प्रतापपुर क्षेत्र में जुआ गतिविधियों को लेकर पुलिस महकमे में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब जुआरियों से कथित साठगांठ और जुए के फड़ संचालित होने की शिकायतों के बाद पुलिस अधीक्षक ने बड़ी विभागीय कार्रवाई कर दी। एसपी ने प्रतापपुर थाना प्रभारी दिनेश पुरेना समेत एक उप निरीक्षक और तीन आरक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इस कार्रवाई ने पूरे पुलिस विभाग में खलबली मचा दी है।

जुए के फड़ पर विशेष टीम का छापा, 7 जुआरी गिरफ्त में

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सूरजपुर पुलिस की विशेष टीम ने प्रतापपुर क्षेत्र के एक सूने मकान में दबिश दी। अचानक हुई इस कार्रवाई से जुआरियों में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने मौके से 7 जुआरियों को पकड़ते हुए 99 हजार रुपये नकद बरामद किए।

स्थानीय पुलिस की भूमिका पर उठे गंभीर सवाल

प्रतापपुर क्षेत्र में लंबे समय से जुए के फड़ संचालित होने की शिकायतें सामने आ रही थीं। आरोप था कि स्थानीय स्तर पर पुलिस की कथित मिलीभगत के चलते जुआ गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश नहीं लग पा रहा था। शिकायतों की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने स्थानीय पुलिस से अलग विशेष टीम गठित कर कार्रवाई के निर्देश दिए।

एसपी के एक्शन से पुलिस महकमे में मचा हड़कंप

विशेष टीम की कार्रवाई और सामने आए तथ्यों के बाद प्रतापपुर थाना प्रभारी दिनेश पुरेना सहित पांच पुलिसकर्मियों पर निलंबन की गाज गिरी। इनमें एक उप निरीक्षक और तीन आरक्षक भी शामिल हैं। एसपी की इस कार्रवाई को पुलिस विभाग में अनुशासन और जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।

अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि प्रतापपुर में कथित तौर पर लंबे समय से चल रहे जुए के फड़ों की जानकारी स्थानीय पुलिस को नहीं थी, या फिर सब कुछ जानने के बावजूद कार्रवाई नहीं हो रही थी? फिलहाल एसपी की सख्ती ने पुलिस महकमे को स्पष्ट संदेश दे दिया है कि वर्दी की आड़ में किसी भी तरह की लापरवाही या कथित मिलीभगत बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page