LETEST
Blog

ऑनलाइन सट्टे के कारोबार पर कोरबा पुलिस का शिकंजा, आदतन सटोरिया मोह. इसाक कुरैशी उर्फ निक्की गिरफ्तार…

मोबाइल में मिले सट्टा-पट्टी के फोटो और ऑनलाइन सट्टे के सबूत, फोन-पे से लाखों के यूपीआई लेन-देन की जानकारी भी आई सामने

कोरबा। शहर में अवैध सट्टा-जुआ के खिलाफ कोरबा पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में कोतवाली पुलिस ने ऑनलाइन सट्टा खेलने और खिलाने के आरोप में एक आदतन सटोरिए को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मोबाइल, सट्टा-पट्टी एवं नगद रकम जब्त की है। वहीं, आरोपी के मोबाइल की जांच में ऑनलाइन सट्टा साइटों से जुड़ी जानकारी और सट्टा-पट्टी के अंकों के फोटो मिले हैं। इसके अलावा फोन-पे के माध्यम से लाखों रुपये के ऑनलाइन यूपीआई लेन-देन की जानकारी भी सामने आई है।

मुखबिर की सूचना पर मस्जिद के पीछे दबिश

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 28 नवंबर 2026 को कोतवाली पुलिस पेट्रोलिंग पर थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि पुरानी बस्ती रानी रोड स्थित मस्जिद के पीछे मोह. इसाक कुरैशी मोबाइल के माध्यम से ऑनलाइन सट्टा खेल रहा है और सट्टा-पट्टी भी लिख रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने हमराह स्टाफ एवं गवाहों के साथ मौके पर दबिश दी। इस दौरान आरोपी को कथित तौर पर ऑनलाइन सट्टा खेलते हुए पकड़ा गया।

मोबाइल में मिले ऑनलाइन सट्टे के सबूत

पुलिस द्वारा आरोपी के मोबाइल की जांच करने पर श्रीदेवी, टाइम बाजार, मिलन डे एवं कल्याण नामक ऑनलाइन साइटों से संबंधित जानकारी तथा विभिन्न अंकों और जोड़ियों की सट्टा-पट्टी के फोटो मिले। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के फोन-पे नंबर से सट्टा खेलने के लिए लाखों रुपये के ऑनलाइन यूपीआई लेन-देन की जानकारी भी प्राप्त हुई है। मौके से सट्टा-पट्टी, मोबाइल और नगद रकम जब्त की गई।

जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत गिरफ्तारी

गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोह. इसाक कुरैशी उर्फ निक्की, पिता स्व. ईस्माइल कुरैशी, उम्र 43 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 06, पुरानी रानी रोड, दुर्गा मंदिर के पास, कोरबा के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 968/2026, धारा 6(क) छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर गिरफ्तार किया है।

अवैध सट्टे के खिलाफ पुलिस की सख्ती जारी

कोरबा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सट्टा-जुआ जैसी अवैध गतिविधियों से दूर रहें। यदि आसपास इस प्रकार की गतिविधियां संचालित होने की जानकारी मिलती है तो तत्काल नजदीकी थाना-चौकी अथवा डायल 112 पर सूचना दें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध गतिविधियों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page